खबरीलाल टाइम्स, पंजाब डेस्क:  दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आते ही पंजाब की विपक्षी पार्टियों ने राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार पर जोरदार हमला बोला। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से तीखे शब्दों में कहा कि अपना बैग पैक करना शुरू कर दें।

मुख्यमंत्री भगवंत मान, मंत्रिमंडल के सदस्यों, सांसदों और विधायकों सहित आप की पूरी पंजाब इकाई ने दिल्ली में चुनाव प्रचार में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। पंजाब में विपक्षी दलों ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने अरविंद केजरीवाल के ‘झूठ और धोखे को उजागर कर दिया है।’ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा, ‘अब पंजाब में आप टूटेगी। भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल के बीच अंदरूनी सत्ता संघर्ष होगा।’ उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘आम आदमी पार्टी को दिल्ली में अपमानजनक हार का स्वाद चखना पड़ा। इस हार के साथ ही छल, झूठ और खोखले वादों का शासन समाप्त हो गया है।’ कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने कहा, ‘दिल्ली में आप की हार नकली क्रांतिकारियों की हार है, जो वीआईपी संस्कृति और भ्रष्टाचार को खत्म करने जैसे अपने हर वादे से मुकर गए।’

भाजपा की पंजाब इकाई के महासचिव सुभाष शर्मा ने कहा, ‘यह अरविंद केजरीवाल के झूठ, धोखे और बेईमानी की हार है। पंजाब में भी उनका झूठ बेनकाब हो गया है। उनके पतन की यात्रा आज से शुरू हो रही है।’ भाजपा की पंजाब इकाई के उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक अरविंद खन्ना ने कहा कि दिल्ली की जनता ने आप के तथाकथित विकास मॉडल को पूरी तरह से खारिज कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed