खबरीलाल टाइम्स डेस्क : श्री गिरिराज सिंह ने प्रमुख जापानी कंपनियों के साथ कई उच्च स्तरीय बैठकें कीं और उन्हें भारत में कपड़ा उद्योग के विकास की यात्रा में साझेदारी के लिए आमंत्रित किया

16वां इंडिया ट्रेंड फेयर 2025 भारतीय कपड़ा निर्यातकों के लिए जापानी खरीदारों से सीधे जुड़ने का सबसे बड़ा मंच है

केंद्रीय कपड़ा मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने जापान की आधिकारिक यात्रा के दूसरे दिन प्रमुख जापानी कंपनियों के साथ कई उच्च स्तरीय बैठकें कीं और 15 जुलाई 2025 को टोक्यो में 16वें इंडिया ट्रेंड फेयर 2025 का उद्घाटन किया। यह मेला भारतीय कपड़ा निर्यातकों के लिए जापानी खरीदारों से सीधे जुड़ने के सबसे बड़े प्लेटफार्मों में से एक है और इससे दोनों देशों का कपड़ा व्यापार बढ़ने की उम्मीद है।

श्री गिरिराज सिंह ने ज़िपर और फास्टनिंग उत्पादों की विश्‍व की सबसे बड़ी निर्माता कंपनी वाईकेके कॉर्पोरेशन के प्रमुख से मुलाकात की। हरियाणा में पहले से ही कार्यरत वाईकेके ने अन्य राज्यों में भी विस्तार करने की इच्छा व्यक्त की। श्री सिंह ने उन्हें पीएम मित्र पार्कों में निवेश के लिए आमंत्रित किया, जिसका उन्‍होंने स्वागत किया गया।

वर्कवियर और फंक्शनल अपैरल क्षेत्र की अग्रणी कंपनी वर्कमैन कंपनी के अध्यक्ष के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक में मंत्री महोदय ने भारत के बढ़ते विनिर्माण इकोसिस्‍टम पर प्रकाश डाला। वर्कमैन कंपनी ने पीएम मित्रा ढांचे के तहत भारत में विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने में गहरी रुचि दिखाई।

श्री सिंह ने डिजिटल और औद्योगिक मुद्रण क्षेत्र की वैश्विक कंपनी कोनिका मिनोल्टा के साथ भी चर्चा की। उन्होंने कंपनी को भारत में परिचालन का विस्तार करने और ईएसजी एवं स्थिरता लक्ष्यों में योगदान देने के लिए आमंत्रित किया। कंपनी ने भारत में अपने कारोबार को बढ़ाने के अवसर का स्वागत किया।

इसके अलावा, श्री गिरिराज सिंह ने फाइबर, औद्योगिक सामग्री और विशिष्ट वस्त्र उद्योग में 20 अरब अमेरिकी डॉलर के समूह, असाही कासेई कॉर्पोरेशन के नेतृत्व से भी मुलाकात की। कंपनी ने ‘मेक इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड’ पहल के तहत निवेश करने में गहरी रुचि दिखाई।

केंद्रीय मंत्री ने जापान के टोक्यो में 20 अरब डॉलर के समूह असाही कासेई की नेतृत्व टीम से मुलाकात की

दिन का समापन टोक्यो स्थित भारतीय दूतावास में एक रोड शो और उद्योग जगत के साथ बातचीत के साथ हुआ, जिसमें कपड़ा क्षेत्र पर केंद्रित भारत-जापान साझेदारी का उत्‍सव मनाया गया। इस कार्यक्रम में उद्योग जगत की 100 से ज़्यादा हस्तियों ने भाग लिया, जिसमें भारत के राजदूत श्री सिबी जॉर्ज और कपड़ा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। श्री गिरिराज सिंह ने वैश्विक कपड़ा केंद्र के रूप में भारत की विशेषताओं के बारे में भी जानकारी दी और जापानी कंपनियों को भारत के कपड़ा क्षेत्र के विकास में साझेदारी के लिए आमंत्रित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *